मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों के खाते में भेजी रकम, सीएम ने वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए लाभार्थियों से की बातचीत
पडरौना। मंगलवार की शाम को मुख्यमंत्री ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए जिले की 10 महिलाओं को संबोधित किया। इन महिलाओं समेत 800 लोगों के खाते में मुख्यमंत्री आवास योजना की प्रथम किस्त के रूप में 40 हजार रुपये भेजा। सीएम ने दुदही ब्लाक के मठिया माफी गांव की संगीता से कुशल क्षेम पूछने के बाद आवास निर्माण के लिए मिली रकम का सदुपयोग करने की सलाह दी।
जिले में मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 1184 मकान बनाने का लक्ष्य है। इसके सापेक्ष 800 लोगों का चयन करते हुए उनके खाते आदि का सत्यापन करा लिया गया था। मंगलवार की शाम पांच बजे मुख्यमंत्री ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए चुनिंदा 10 महिलाओं से बातचीत की। इस दौरान दुदही ब्लाक के मठिया माफी गांव की महिला संगीता देवी से कुशल क्षेम पूछा तो वह महिला भावुक हो गई। सीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री बनने से पहले वे कई बार मठिया माफी गांव जा चुके हैं। तब वहां के लोग आवास, पेंशन और राशन कार्ड की समस्या से जूझ रहे थे। अब इस बात की खुशी है कि मुख्यमंत्री बनने के बाद ऐसे पीड़ित लोगों की मदद कर पा रहे हैं। सीएम ने संगीता समेत अन्य लाभार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार उनके हर सुख दुख में साथ है। सभी को पक्का आवास, शौचालय, स्वच्छ पेयजल, मनरेगा के तहत रोजगार दिलाने आदि का कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार अब सीधे लाभार्थी के खाते में निर्माण के लिए पैसा भेज रही है जिससे कि गरीबों को बार-बार सरकारी दफ्तर का चक्कर लगाने से मुक्ति मिले और भ्रष्टाचार पर भी अंकुश लगे। उन्होंने लाभार्थियों से आवास निर्माण के लिए मिली रकम का उपयोग किसी अन्य कार्य में नहीं करने की हिदायत भी दी।
इस कार्यक्रम के दौरान डीएम भूपेंद्र एस चौधरी, सीडीओ अन्नपूर्णा गर्ग, डीडीओ शेषनाथ चौहान, डीसी मनरेगा प्रेम प्रकाश त्रिपाठी, बीडीओ पडरौना व दुदही संदीप सिंह, बीडीओ कसया जोखन प्रसाद आदि मौजूद रहे। डीडीओ/पीडी शेषनाथ चौहान ने बताया कि जिले की 10 महिलाओं को एनआईसी कक्ष में मुख्यमंत्री से सीधे संवाद के लिए बुलाया गया था जिसमें से मुख्यमंत्री ने मठिया माफी गांव की महिला संगीता से बात की। इसके बाद जिले के 800 लाभार्थियों के खाते में भवन निर्माण की प्रथम किस्त भेजी गई।