जटहां बाजार। कुश्ाीनगर के थाना क्षेत्र के बाजूपट्टी गांव के बाजार टोला में रविवार को दिन के करीब दो बजे आग लग जाने से पांच लोगों की झोपड़ियां जल गईं। इस आगलगी में उनके घरों में रखे कपड़े, आभूषण, नकदी, बर्तन आदि जल गए। गांव में पहुंची राजस्व टीम ने तीन लाख रुपये से अधिक की क्षति का आंकलन किया।
बाजूपट्टी गांव के बाजार टोला में रविवार को दिन में करीब दो बजे उमाशंकर राजभर के घर से धुआं निकलते लोगों ने देखा। गांव के लोगों ने आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। आग बुझने की बजाय रमाशंकर राजभर, वीरेंद्र राजभर, रामाशीष राजभर और छट्ठू राजभर के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। गांव के लोगों ने पंपिंगसेट चलाकर किसी तरह आग बुझाई। जब तक अग्निशमन दस्ता गांव में पहुंचा, आग बुझाई जा चुकी थी। बताया जा रहा है कि इस आगलगी में उमाशंकर राजभर का पैंतालिस हजार रुपये नकद के अलावा रमाशंकर राजभर का चालीस हजार रुपये का सामान, वीरेंद्र राजभर का पंद्रह हजार और रामाशीष राजभर का पच्चीस हजार रुपये का सामान जला है। छट्ठू राजभर के घर में रखे सामान भी आग की भेंट चढ़ गए। आग से तबाह हुए लोगों के परिवारवालों का रो रोकर बुरा हाल था।
ग्राम प्रधान प्रभु यादव की सूचना पर पहुंचे लेखपाल पंकज जायसवाल ने आग से हुई क्षति का आंकलन किया। उन्होंने पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद दिलाने का भरोसा दिलाया। लेखपाल के मुताबिक तीन लाख रुपए से ज्यादे का नुकसान हुआ है। आग लगने का कारण मालूम नहीं हो सका।