मंसाछापर। विशुनपुरा ब्लॉक के गांव मनिकौरा के चिरईतवा टोला के अग्निपीड़ितों ने सरकारी सहायता राशि नहीं आने व घटना के बाद से किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के मौके पर नहीं पहुंचने से नाराज गांव वालों ने रविवार को विरोध प्रदर्शन किया। गांव वालों ने अधिकारियों से शीघ्र सहायता राशि दिलाने की मांग की है।
गांव के अग्निपीड़ितों ने रविवार को विरोध प्रदर्शन करते हुए कहा कि 24 अप्रैल की दोपहर बाद गांव में अज्ञात कारणों से आग लग गईं। इसमें करीब 26 लोगों का घर समेत गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। खाने के लिए अनाज तक नहीं बच सका। आगलगी के दिन राजस्व व ब्लॉक के सारे अधिकारी व कर्मचारी आये थे और जांच कर रिपोर्ट तैयार कर ले गए। उस वक्त उन लोगों ने दो से तीन दिन के अन्दर सभी लोगों को सहायता राशि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था। लेकिन 11 दिन का समय बीत जाने के बाद भी अब तक न तो सहायता राशि ही मिली है और न ही किसी सक्षम अधिकारी ने गांव का दौरा किया है। इसके चलते कड़ी धूप में जनप्रतिनिधियों की ओर से दिए गये तिरपाल के नीचे जीवन यापन कर रहे हैं। तेज धूप होने के कारण बच्चों की सेहत पर बुरा असर पड़ रहा है। गांव वालों ने कहा कि अगर दो से तीन दिन के अंदर सरकारी सहायता राशि नहीं मिली तो वह भुखमरी के कगार पर आ जाएंगे।