गुरवलिया बाजार। पटहेरवा थानाक्षेत्र के पगरा पड़री गांव के छोटी हरिजन बस्ती में खाना बनाते समय चूल्हे की चिंगारी से लगी आग में दो झोपड़ियां राख हो गईं। उसमें रखा गृहस्थी का सामान भी नष्ट हो गया। प्रधान के प्रतिनिधि लेखपाल के साथ मौके पर पहुंचे और नुकसान का आंकलन करके अहेतुक सहायता के लिए तहसील प्रशासन को रिपोर्ट भिजवा दी है।
पगरा पड़री गांव निवासी डोमा प्रसाद की रिहायशी झोपड़ी में शुक्रवार की सुबह खाना बन रहा था। चूल्हे से छिटकी चिंगारी से झोपड़ी में आग लग गई। झोपड़ी में आग लगने पर घर में अफरा तफरी का माहौल हो गया। घर वालों का शोर सुनकर जबतक गांव के लोग जुटते, तेज हवा ने आग को और भड़का दिया। डोमा प्रसाद की झोपड़ियों को चपेट में ले लिया। गांव वालों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। झोपड़ी में रखे दो मोबाइल फोन, तख्त, बिस्तर, पलंग, अनाज समेत गृहस्थी का सामान जल गया। मौके पर प्रधान प्रतिनिधि अशोक गोंड ने पहुंच कर पीड़ित परिवार के लिए खाने-पीने की व्यवस्था की। हलका लेखपाल खालिद अंसारी ने क्षति का आंकलन कर रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेज दी।