तरयासुजान विद्युत उपकेंद्र में लगे पांच एमवीए के ट्रांसफार्मर में सोमवार को आग लग गई। ट्रांसफार्मर धू-धूकर जल उठा। आग इतनी भीषण थी कि इससे भयभीत विद्युतकर्मी भाग खड़े हुए। सूचना मिलने पर अग्निशमन दस्ता पहुंचा। काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई गई। इससे बिजली विभाग को करीब 40 लाख रुपये का नुकसान पहुंचा है। ट्रांसफार्मर जलने के बाद से इस उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले 100 से अधिक गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। सोमवार को दिन के लगभग साढ़े ग्यारह बजे तरयासुजान विद्युत उपकेंद्र से बिजली आपूर्ति की जा रही थी। उपकेंद्र में लगे दस एमवीए के ट्रांसफार्मर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। यह देख बिजली घर के कर्मचारी भाग खड़े हुए। आस-पास के लोगों ने पहुंचकर आग बुझाने की कोशिश की लेकिन असफल रहे। इसकी सूचना मिलने पर क्षेत्रीय विधायक अजय कुमार लल्लू, एसडीओ उदय प्रताप, जेई मनोज कुमार पहुंच गए। अग्निशमन दस्ता भी पहुंचा। काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई गई, लेकिन ट्रांसफार्मर समेत उसके तार पूरी तरह जल गए थे। उसके अगल बगल के उपकरणों को भी क्षति पहुंची है। उसके बाद से ही तरयासुजान उपकेंद्र के सभी गांवों में बिजली आपूर्ति बंद हो गई है।
एसडीओ उदय प्रताप का कहना है कि आग लगने की कारण का अभी पता नहीं चला है। करीब 40 लाख रुपये के उपकरणों की क्षति का अनुमान है। बिजली आपूर्ति बहाल कराने का प्रयास प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।