मंसाछापर। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के मिठहा माफी गांव के समीप बुधवार की शाम करीब 7 बजे चलती कार में आग लग गई। कार में एक ही परिवार के छह लोग सवार थे। कार के शीशे और दरवाजे लॉक हो जाने से वे फंस गए। मौजूद ग्रामीणों ने कार का शीशा तोड़कर सभी को बाहर निकाला। एक सप्ताह पहले कार खरीदी गई थी।
कुबेरस्थान थाना के कटेया बाजार के संदीप विश्वकर्मा मठिया माफी में अपनी ससुराल रामचंद्र शर्मा के यहां आए थे। शाम को घर के लिए निकले। गांव के बाहर पहुंचे थे कि कार से धुआं निकलने लगा और शीशा लॉक हो गया। कार से आग की लपटें उठने लगीं। गांव वालों ने शीशा तोड़कर संदीप, गीता, वंदना और चार बच्चों को बाहर निकला। कार में रखा सामान और चार मोबाइल जल गया। घटना के दौरान कार में बैठे लोगों में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। समय रहते ग्रामीणों की सूझबूझ और साहस से बड़ा हादसा बल गया। नेबुआ नोरंगिया थानाध्यक्ष चंद्रभूषण प्रजापति ने बताया कि कार में अचानक आग लग गई। अन्दर फंसे सवारों को गांव के लोगों ने शीशा तोड़कर बाहर निकाला।