सलेमगढ़। स्थानीय चौराहे पर एनएच किनारे सोमवार की दोपहर बाद एक मिठाई की दुकान में रखा रसोई गैस सिलिंडर में आग लग गई। इससे मौके पर कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह आग पर काबू पाया। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
सलेमगढ़ हाईवे चौराहे के पास स्थित बिहार के गोपालगंज जिले के शीतल नरहवां गांव निवासी निरंजन शाह मिठाई की दुकान चलाते हैं। सोमवार की दोपहर बाद वे मिठाई बना रहे थे। इस दौरान रसोई गैस सिलिंडर का वाल्ब अचानक तेज आवाज के साथ उड़ गया। इससे सिलिंडर में आग पकड़ लिया। आग की तेज लपटें देख आसपास के दुकानदारों ने पुलिस को सूचना दी।
संयोगवश बहादुरपुर चौकी पुलिस के एसआई शशि कुमार, कांस्टेबल संदीप गोंड चौराहे पर ही गश्त कर रहे थे। सूचना मिलते ही वे वहां पहुंचे तो तत्परता दिखाते हुए मौजूद लोगों के सहयोग से किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन दुकान में रखी मिठाइयां जलकर नष्ट हो गईं। संवाद