गैस सिलेंडर की पाइप में लीकेज होने से लगी आग से झुलसे प्रदीप यादव का चल रही इलाज।स्रोत-सोशल मीड
- फोटो : File Photo
जोकवा बाजार। फाजिलनगर कस्बे के रज्जब पिपरा गांव में बृहस्पतिवार सुबह भोजन बनाते समय किचन में रसोई गैस के पाइप में लीकेज से आग लग गई। आग की चपेट में आई पत्नी को बचाने पहुंचे पति और दो बच्चे बुरी तरह झुलस गए।
शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने आग पर काबू पाया और झुलसे लोगों को सीएचसी पर पहुंचाया। प्राथमिकी उपचार के बाद डाॅक्टर ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पति प्रदीप यादव की हालत गंभीर बताई जा रही है। डाॅक्टर के अनुसार वह 70 प्रतिशत झुलस गए हैं।
तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के रज्जब पिपरा की रीता यादव (30) पत्नी प्रदीप यादव सुबह किचन में खाना बना रही थीं। इसी दौरान गैस चूल्हे से जुड़े पाइप में लीकेज से आग लग गई। आग की लपटें उठती देख रीता शोर मचाने लगीं। शोर सुनकर प्रदीप यादव (35) पुत्र हरिहर यादव किचन में पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास करने लगे।
इस बीच उनके बच्चे विनीता (12) और विराट (10) भी पहुंच गए। माता-पिता को आग से घिरा देख दोनों बच्चे भी उन्हें बचाने और आग बुझाने का प्रयास करने लगे। देखते ही देखते चारों आग की चपेट में आकर झुलस गए। घर वालों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया और घायलों को उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आग आसपास के घरों तक फैल सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था।
करीब 70 प्रतिशत झुलसे प्रदीप यादव की हालत गंभीर बताई जा रही है। अन्य घायलों का भी उपचार जारी है। थानाध्यक्ष आलोक यादव ने बताया कि घायलों को मेडिकल कॉलेज सीएचसी से रेफर कर दिया गया है।
गैस सिलेंडर की पाइप में लीकेज होने से लगी आग से झुलसे प्रदीप यादव का चल रही इलाज।स्रोत-सोशल मीड- फोटो : File Photo