पुलिस और दमकल टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से पाया काबू, शॉर्टसर्किट से आग लगने की आशंका
खड्डा। नगर के गल्ला मंडी स्थित अंबे बर्तन स्टोर में सोमवार रात करीब आठ बजे अचानक आग लग गई। दुकान से धुआं और लपटें उठती देख बाजार में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझने से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर छह सिविल लाइन स्थित गल्ला मंडी में भाजपा नेता अमरचंद मद्धेशिया की अंबे बर्तन स्टोर नाम से दुकान है। सोमवार रात घटना के समय परिवार के लोग दुकान के नीचे बैठे थे। इसी दौरान घर के अंदर से धुआं निकलने लगा। परिजन अंदर पहुंचे तो आग लगी देख शोर मचाने लगे। आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने में जुट गए।
सूचना पर खड्डा थाने की पुलिस और दमकल विभाग की टीम भी पहुंच गई। स्थानीय लोगों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। घटना के बाद बाजार में लोगों की भीड़ जुटी रही। आग से दुकान और घर में रखे सामान को हुए नुकसान का आकलन नहीं हो सका था। प्रारंभिक तौर पर शॉर्टसर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
थानाध्यक्ष महेश कुमार चौबे ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझा दी गई।