गोड़रिया। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के सोरहवां गांव में पुराने विवाद और बच्चों के बीच कहासुनी को लेकर मारपीट, घर में घुसकर तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सोरहवां निवासी छोटेलाल तिवारी ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि 21 सितंबर की रात करीब नौ बजे पुराने विवाद को लेकर गांव के नौ लोग एकराय होकर लाठी-डंडे और बंदूक लेकर उनके दरवाजे पर पहुंच गए। आरोप है कि वहां गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर एक आरोपी ने उनके बेटे आयुष तिवारी की ओर बंदूक तान दी। इसके बाद लाठी-डंडे और लात-घूंसों से पिता-पुत्र की पिटाई कर दी।
शोर सुनकर छोटेलाल घर से बाहर निकले और बेटे को बचाने का प्रयास किया तो उनके साथ भी मारपीट की गई। पीड़ित का आरोप है कि आरोपित घर में घुसकर उन्हें, उनके बेटे आयुष और परिवार के एक अन्य सदस्य को पीटने लगे। पीड़ित के अनुसार, घायलों का इलाज दुदही और कुबेरस्थान के सरकारी अस्पताल में कराया गया। मारपीट में उनका एक दांत टूट गया और मुंह में गंभीर चोटें आईं। उनका आरोप है कि थाने और पुलिस अधीक्षक को शिकायत देने के बावजूद प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने न्यायालय की शरण ली।
इस संबंध में थाना प्रभारी शनि कुमार जावला ने बताया कि माननीय न्यायालय के आदेश पर नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।