मेंहदावल। मेंहदावल के खजुरा खुर्द में शुक्रवार को विवाहिता की मौत तथा मायके पक्ष को सूचना दिए बिना शव का अंतिम संस्कार किए जाने के मामले में मृतका के पिता की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच तथा साक्ष्य संकलन की कार्रवाई में जुटी है।
गोरखपुर के कैंपियरगंज थाना क्षेत्र स्थित गांव चकदहा निवासी चेतराम चौधरी ने शुक्रवार देर शाम को पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी पुत्री कुसुम की शादी खजुरा खुर्द निवासी ज्ञानदास पुत्र संवारे से हुई थी। 27 मार्च को गांव के ही एक व्यक्ति ने उनकी पुत्री की मौत की सूचना दी।
वह अपने पुत्र सुरेश के साथ जब पुत्री की ससुराल पहुंचे, तो देवर व नंद ने तबीयत खराब होने तथा इलाज कराने की बात कही। कुछ देर बाद सूचना मिली कि पुत्री का अंतिम संस्कार के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे तो लाश जल चुकी थी। उनका दामाद बाहर रहता है। पीड़ित पिता ने बेटी के ससुर संवारे, उनकी पत्नी, देवर आशीष, ननद वंदना आदि के खिलाफ प्राथमिकी पंजीकृत करने की मांग की।