रामकोला। सड़क हादसे में बच्ची की मौत के मामले में पुलिस ने एंबुलेंस चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सड़क पार कर रही अचानक एंबुलेंस के सामने आने से बच्ची की कुचलकर मौत हुई थी।
थाना अहिरौली बाजार क्षेत्र के घोड़ा देउर निवासी मुन्नीलाल ने रामकोला थाने में तहरीर देकर बताया कि 16 मई को उनकी पत्नी ललिता देवी और बेटी आरोही बाला छत्तर घाट मंदिर गई थीं। मंदिर से लौटते समय नेबुआ-नौरंगिया-पकड़ियार मार्ग रुके थे। उसी दौरान उनकी पत्नी और बेटी सड़क किनारे खड़ी थीं। आरोप है कि तभी तेज रफ्तार आ रही एंबुलेंस के चालक ने मासूम आरोही को टक्कर मार दी।
घायल बच्ची को उसी एंबुलेंस से कप्तानगंज सीएचीस भेजा गया। वहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया था। परिजनों के सदमे में होने के कारण तत्काल तहरीर नहीं दी जा सकी थी। थानाध्यक्ष चंद्रभान सिंह ने बताया कि पिता की तहरीर पर एंबुलेंस चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना की जा रही है। संवाद