गोड़रिया। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के बांसगांव निवासी दो पक्षों के बीच जमीन विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष के मामले में पुलिस ने घटना के करीब दस दिन बाद दोनों पक्षों की तहरीर पर 21 लोगों के खिलाफ लूट व हत्या की कोशिश समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है।
दुदही नगर पंचायत के वार्ड नंबर-5 पडरौन मडुरही स्थित भूमि पर दो पक्षों के लोग अपना हक जता रहे हैं। आरोप है कि 12 जून की शाम करीब पांच बजे निजी स्कूल के पास दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट हो गई। राहगीरों ने बीच-बचाव किया। एक पक्ष के दीनानाथ गोस्वामी ने तहरीर में विधाता, करुणानिधि, प्रसिद्धनाथ, रोशन, मुक्तिनाथ, मनीष, शिवम, आराधना और ज्योति पर मारपीट व जेब से रुपये निकालने का आरोप लगाया है।
वहीं दूसरे पक्ष के अभिषेक, भृगुनाथ, अरविंद, सुंदरम, कृपाशंकर, धीरज, नीरज, विनोद, भृगुनाथ की पत्नी, कृपाशंकर की पत्नी और विनोद की पत्नी ने भी विरोधी पक्ष पर जमीन जोतने के दौरान हमला करने, मारपीट करने और रुपये छीन लेने का आरोप लगाया है। एसएचओ विनय कुमार मिश्र ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर एक पक्ष के दस तथा दूसरे पक्ष के ग्यारह लोगों के खिलाफ लूट सहित हत्या की कोशिश समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की विवेचना की जा रही है।