मथौली। कस्बे के एक निजी अस्पताल में भर्ती महिला से कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पीड़िता के पति की तहरीर पर पुलिस ने अस्पताल संचालक के खिलाफ छेड़खानी के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, सोमवार को महिला का कोर्ट में बयान दर्ज कराया गया है। पुलिस ने आरोपी अस्पताल संचालक को हिरासत में लेने के बाद छोड़ दिया है।
अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र निवासी एक महिला अपने पति के साथ बृहस्पतिवार को उपचार कराने के लिए कस्बे के एक निजी अस्पताल पहुंची थी। आरोप है कि जांच के बाद अस्पताल संचालक ने महिला को भर्ती कर लिया।
पीड़िता का कहना है कि देर रात चेकअप के बहाने उसे ऑपरेशन थिएटर (ओटी) में बुलाया गया, जहां अस्पताल संचालक ने उसके साथ अशोभनीय हरकत की। पीड़िता के अनुसार उसने किसी तरह रात बिताई और शुक्रवार को अस्पताल पहुंचीं अपनी महिला रिश्तेदारों को पूरी घटना की जानकारी दी।
इसके बाद परिजनों ने अस्पताल में विरोध जताया। आरोप है कि मामले को दबाने और समझौता कराने का प्रयास भी किया गया, लेकिन पीड़ित पक्ष ने इसकी शिकायत पुलिस से कर दी।
पीड़िता के पति ने कप्तानगंज थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी से पूछताछ की। शनिवार को महिला को थाने बुलाकर पुलिसकर्मी की मौजूदगी में उसका बयान दर्ज किया गया।
थानाध्यक्ष कप्तानगंज दीपक सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। महिला का बयान न्यायालय में दर्ज कराया जा चुका है। उपलब्ध साक्ष्यों और बयान के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।