पडरौना। मेडिकल कॉलेज कैंपस में दुकान के सामने बाइक खड़ी करने को लेकर युवक और दुकानदारों में मारपीट हो गई। युवक के फोन करने के बाद पहुंचे युवकों ने दुकानदार समझकर कई तीमारदारों की पिटाई कर दी। इससे कैंपस में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के पहुंचने के बाद बाइक सवार फरार हो गए।
मेडिकल कॉलेज कैंपस में सड़क किनारे ठेले पर बीस से अधिक दुकानें लगती हैं। पेड़ की छांव होने से मरीज व तीमारदार वहां रुक जाते हैं। बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे रहसू गांव का बाइक सवार युवक आया और बाइक सड़क पर खड़ी कर दी। दुकानदार सुरेंद्र चौहान दुकान के सामने से बाइक हटाने को कहा। युवक ने कहा कि धूप से आया हूं। अभी थोड़ी देर में हटा लेता हूं। दुकानदार ने युवक को थप्पड़ जड़ दिया और दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। युवक के फोन करने पर बाइक सवार करीब दस युवक पहुंचे और दुकानदार की पिटाई करने लगे। आसपास के दुकानदार भी पहुंच गए। दुकान के पास मौजूद तीमारदारों को भी दुकानदार समझकर युवकों ने उनकी पिटाई कर दी। एमसीएच विंग भवन में घुसकर एक युवक की पिटाई की। इलाज कराने आए पडरौना के रामलीला मैदान निवासी नंदलाल, इनकी बेटी जिया सोनी, पत्नी निर्मला को भी पीट दिया। मारपीट की घटना होमगार्डों के सामने हुई। सूचना पर पहुंची रविंद्र नगर पुलिस को देख बाइक सवार युवक फरार हो गए। दुकानदार से घटना की जानकारी लेकर पुलिस लौट गई। रविंद्र नगर धूस थाने के इंस्पेक्टर संजय कुमार ने बताया कि पुलिस गई थी। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।