कड़ाके की ठंड में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में कम पहुंचे मरीज
- शहर के अस्पताल सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की इमरजेंसी सेवा की पड़ताल
- फोरलेन के किनारे होने के कारण अधिकतम नौ मरीज पहुंचे तमकुहीराज और कसया सीएचसी में
पडरौना। इस कड़ाके की ठंड में पडरौना शहर के पुरुष एवं नेत्र चिकित्सालय सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के इमरजेंसी कक्ष में रविवार को मरीजों की संख्या कम रही। कहीं तीन तो कहीं एक भी मरीज नहीं पहुंचा। केवल तमकुहीराज और कसया सीएचसी में नौ-नौ मरीज पहुंचे थे, जो फोरलेन के निकट स्थित हैं। रविवार को इन अस्पतालों के इमरजेंसी कक्ष में चिकित्सकीय व्यवस्था की पड़ताल कराई गई।
पडरौना नगर के पुरुष एवं नेत्र चिकित्सालय के प्रभारी डॉ. संजीव सुमन इमरजेंसी कक्ष में मरीजों का इलाज कर रहे थे वह पडरौना नगर के साहबगंज निवासी रईस के आठ वर्षीय पुत्र असद का इलाज करते मिले। इस बालक को त्वचा संबंधी परेशानी थी। उन्होंने पर्ची पर दवा लिखी और कुछ सुझाव दिए। उन्होंने बताया कि रविवार को दोपहर 12 बजे तक तीन मरीज आए थे। इमरजेंसी वार्ड पूरी तरह खाली था।
कुबेरस्थान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दोपहर दो बजे तक सिर्फ चार मरीज आए थे। उनका ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक रवि भूषण सिंह ने इलाज किया। जरूरी सलाह देकर घर भेज दिया गया।
कप्तानगंज प्रतिनिधि के अनुसार स्थानीय सीएचसी में इमरजेंसी कक्ष में दोपहर 12 बजे तक छह मरीज इलाज कराने आए थे। उनमें से दो को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉ. संजय भारद्वाज और फार्मासिस्ट आत्मा सिंह श्वास रोग से पीड़ित 72 वर्षीय रामनरेश शर्मा का इलाज कर रहे थे। प्रसव कक्ष में स्टाफ नर्स सुनैना राय सहित वार्ड ब्वॉय राजू, स्वीपर अमरनाथ और रीता आदि मौजूद थे। वहां दो मरीज भर्ती थीं, जबकि जो दो मरीज रेफर हुए, वे दुर्घटना में घायल हुए थे।
दुदही प्रतिनिधि के अनुसार दुदही सीएचसी की इमरजेंसी में दिन के डेढ़ बजे तक कोई मरीज नहीं आया था। वहीं डॉ. राकेश सिंह, चीफ फार्मासिस्ट मनोज राय, वार्ड वाय हरेंद्र यादव एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी तैनात थे। प्रत्येक दिन 300 सौ से अधिक मरीज ओपीडी में देखे जाते हैं, लेकिन रविवार को अवकाश होने के कारण इमरजेंसी में कड़ाके की ठंड के चलते कोई मरीज नहीं आया था। इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉ. राकेश सिंह ने बताया कि केवल प्रसव के लिए तीन महिलाएं आई थीं। एक बच्चा को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
डिबनी बंजरवा प्रतिनिधि के अनुसार तमकुहीराज सीएचसी के इमरजेंसी कक्ष में नौ रोगी आए थे। उनमें से दो रोगियों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉ. दुर्गेश ने बताया कि कुल नौ रोगियों में से दो चोट से पीड़ित, एक बिल्ली के काटने से पीड़ित, चार खांसी से पीड़ित, एक सिर दर्द और एक दौरा पड़ने से पीड़ित मरीज था। इनमें से एक गंभीर रुप से घायल और एक दौरे से पीड़ित व्यक्ति को जिला अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टर ने बताया कि दौरे के विशेषज्ञ चिकित्सक नहीं होने के कारण उस मरीज को जिला अस्पताल भेजा गया। यहां फार्मासिस्ट सहित अन्य स्टाफ मौजूद थे।
कसया प्रतिनिधि के अनुसार नगर स्थित सीएचसी में रविवार को इमरजेंसी में एक बजकर दस मिनट तक कुल नौ मरीज आए थे। इनमें केवल एक मरीज को जिला अस्पताल रेफर किया गया। मरीजों में बीपी, लूज मोशन, सांस, दर्द आदि के मरीज थे। सांस की मरीज प्रियंका को जिला अस्पताल रेफर किया गया। ड्यूटी पर डॉ. गौतम गौरव सहित अन्य लोग मौजूद थे।