पडरौना। जिले में बदले मौसम के मिजाज से लोग बीमार होने लगे हैं। रात में ठंडी और दोपहर में पड़ने वाली हल्की गर्मी का असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ने लगा है। इससे सूखी खांसी, बुखार, सर्दी के मामले बढ़ रहे हैं। चिकित्सकों की मानें तो एक सप्ताह पूर्व की तुलना में इन दिनों इन बीमारियों के 20 से 25 फीसदी तक मरीज बढ़े हैं। इसके चलते एंटीबायोटिक दवाइयों की खपत भी बढ़ गई है।
मेडिकल कॉलेज रविंद्रनगर के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. उपेंद्र चौधरी ने बताया कि तापमान में उतार चढ़ाव के चलते वायरल संंबंधी मरीजों में पिछले कुछ दिनों से वृद्धि हुई है। लोगों को सबसे अधिक परेशानी का कारण सूखी खांसी है। लंबी चलने वाली इस खांसी पर दवाइयों का भी जल्द प्रभाव नहीं होता है। इसके अलावा बुखार, जुकाम, सर्दी, चक्कर, घबराहट जैसे केस बढ़े हैं। उन्होंने बताया कि पिछले एक सप्ताह की तुलना में इन दिनों जो मरीज आ रहे हैं, 20 से 25 फीसदी मरीज इन बीमारियों के ही हैं।
कई लोग ऐसे हैं, जो खांसी या बुखार होने पर चिकित्सक से परामर्श लिए बिना ही दवाई ले लेते हैं। इस तरह का कदम कभी-कभी गलत साबित भी हो सकता है। इन दिनों बीमारी का शिकार हो रहे लोगों को बिना काम के घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए। समय-समय पर गुनगुने पाने से कुल्ला करने और पौष्टिक भोजन लेने की भी उन्होंने सलाह दी है।