मंसाछापर। 132 केवी बिजली घर रामधाम विशुनपुरा में सोमवार की शाम को फीडर ब्लास्ट हो गया। इससे 90 से अधिक गांव में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। गोरखपुर से आई तकनीकी टीम गड़बड़ी को दूर करने में जुट गई है। सुबह तक बिजली आपूर्ति बहाल होने की संभावना है।
132 केवी बिजली घर रामधाम विशुनपुरा से जरार और मनिकौरा बिजली उपकेंद्र को बिजली आपूर्ति की जाती है। इस उपकेंद्र से करीब 90 से अधिक गांव में बिजली आपूर्ति होती है। सोमवार की शाम करीब सात बजे बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इस भीषण गर्मी में लोग परेशान हो गए। सबसे अधिक दिक्कत उनके वहां है, जिस घर में इंवर्टर बैट्री नहीं है। शाम को बिजली नहीं होने से भोजन बनाने में भी दिक्कत हुई। 132 केवी में गड़बड़ी की जानकारी पर गोरखपुर से तकनीकी टीम पहुंच गई है और गड़बड़ी को दूर करने में जुट गए हैं। उम्मीद है कि मंगलवार की सुबह तक गड़बड़ी दूर कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
132 केवी बिजली घर में फीडर ब्लास्ट हुआ है। गोरखपुर से टीम पहुंच गई है। उम्मीद है कि भोर में बिजली आपूर्ति बहाल हो जाएगी। -दीपक कुमार, अवर अभियंता-मनिकौरा
बिजली की आंखमिचौली ने छुड़ाया पसीना
पडरौना। शहर में सोमवार को लोकल फाल्ट के नाम घंटों कटौती व बार-बार बिजली गुल होने से इस भीषण गर्मी में लोग परेशान रहे। शहर के सुभाष चौक, रामकोला रोड समेत कई मुहल्लों में आधे-आधे घंटे पर बिजली कट रही है। दिनभर बिजली की आंख मिचौली से लोग पसीना से तर-बतर हो गए। धर्मशाला रोड पर एबी केबल में आई खराबी से कई मुहल्लों में घंटों बिजली गुल रही।
बिजली की आंख मिचौली से परेशान लोग बिजली निगम को कोसते रहे। वही बिजली निगम का कहना है कि गर्मी में बिजली की डिमांड ज्यादा होने से ओवरलोड के कारण बार-बार ड्रिप की समस्या आ रही है। लोगों का कहना है कि बार-बार बिजली गुल होने से हमारी दिनचर्या खराब हो गई है। शहर के धर्मशाला रोड पर केबिल में आग लगने से मुख्य बाजार की आपूर्ति दोपहर बाद से शाम तक ठप रही। इसके अलावा लोकल फाल्ट और ओवर लोड के चलते ट्रिपिंग की समस्या से पूरे दिन लोगों को सुचारू रूप से बिजली आपूर्ति नहीं मिली। बिजली निगम की व्यवस्था लोग परेशान नजर आए।