मथौली। कस्बे में कुत्ते का आतंक बढ़ गया है। करीब 25 दिनों में 20 से अधिक लोगों पर कुत्ता हमला कर चुका है। एंटी रैबीज वैक्सीन लगवाने के बजाय लोग झाड़-फूंक कराए थे। कुत्ते के काटने से बुजुर्ग महिला की मौत से कुत्ते ने जिन लोगों को काटा है, उनकी चिंता बढ़ गई है।
कुत्ते के डर से लोग लाठी-डंडा लेकर घर से निकल रहे हैं। बच्चों को घर से बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा है। लोगों को पालतू जानवरों की निगरानी करनी पड़ रही है। लोगों ने कुत्ते को पकड़वाने की मांग की है।
मथौली नगर पंचायत के वार्ड नंबर दो और तीन में एक कुत्ता लोगों पर हमला कर रहा है। कुत्ते के हमले को गंभीरता से नहीं लेने वाले करीब 20 लोगों ने वैक्सीन नहीं लगवाई थी।
कुत्ते के काटने से 60 वर्षीय ज्ञानमती देवी की मौत के बाद मोहल्ले में स्वास्थ्य के अलावा पशु पालन विभाग की टीम पहुंची, लेकिन कुत्ते का पता नहीं चला। सतर्कता के लिए लोग घरों से हाथ में डंडा लेकर निकल रहे हैं। लोगों का कहना है कि कुत्ता कभी भी आकर लोगों पर हमला कर दे रहा है। लोगों ने बताया कि बुधवार से कुत्ता नहीं दिखा है। वन विभाग के रेंजर ने बताया कि कुत्ता पकड़वाने की जिम्मेदार नगर पंचायत की है। वहीं चेयरमैन नौरंग सिंह ने बताया कि होली के बाद सफाईकर्मियों की मदद से कुत्ते को पकड़वाया जाएगा। लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है।