हिंसक जानवर को ढूढते चमरडीहा गाँव के लोग।
- फोटो : File Photo
पडरौना। खड्डा वन रेंज के चमरडीहा गांव में हिंसक जानवर की दस्तक से पूरे इलाके में हड़कंप मचा है। बृहस्पतिवार की रात में हिंसक जानवर ने बकरी पर हमला कर दिया। उसके बाद से ग्रामीणों में दहशत है।
हालांकि हमले की सूचना के बाद वन विभाग की टीम हरकत में आ गई थी और पूरी रात गांव में भ्रमण कर गश्त करती रही। जबकि रात में दोबारा जानवर कहीं दिखाई नहीं दिया, लेकिन सुरक्षा को लेकर वन विभाग ने क्षेत्र में अपनी निगरानी काफी बढ़ा दिया है।
चमरडीहा में बकरी में पर हुए हमले की घटना आसपास के गांवों में फैल गई। इसके चलते ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर रात भर जागने को मजबूर रहे। खतरे की गंभीरता को देखते हुए रेंजर के निर्देश पर वन विभाग की टीम ने गांव में ही डेरा डाल दिया। लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए टॉर्च और आवश्यक उपकरणों के साथ वनकर्मियों ने गांव के बाहरी हिस्सों और झाड़ियों में सर्च ऑपरेशन चलाया।
गनीमत रही कि पूरी रात हिंसक जानवर दोबारा आबादी की तरफ नहीं आया। वन विभाग की टीम खेतों के आसपास जानवर के पैरों के निशान तलाशने में जुटी है। वन विभाग ने ग्रामीणों को खेतों की तरफ अकेले न जाने की सख्त हिदायत दी। हिंसक जानवर की खोजबीन के साथ-साथ वन विभाग ने ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए लोगों को सतर्क रहने को कहा है।
वन विभाग की ग्रामीणों से अपील : वन विभाग के जिम्मेदारों ने किसानों व गांव के लोगों को सुबह व शाम के समय खेतों की ओर अकेले न जाने, समूहों में मिलकर निकलने, खेतों में जाते समय हाथ में लाठी-डंडा रखें और आपस में बातचीत करते रहने व शोर मचाने की अपील की है। कहा है कि बच्चों को अकेले घर से बाहर न छोड़ें और पालतू मवेशियों को पूरी तरह सुरक्षित और बंद स्थानों पर ही बांधें।