खड्डा। लखुई गांव के सरेह में हिंसक जानवर की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत है। पिछले कुछ दिनों में जानवर ने दो बकरियों पर हमला कर उन्हें मार डाला। ग्रामीणों को आशंका है कि इलाके में तेंदुआ घूम रहा है। हालांकि, वन विभाग ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।
ग्रामीणों के अनुसार, शनिवार को गांव निवासी इस्लाम अंसारी के घर की एक महिला अन्य महिलाओं के साथ सीवान में बकरियां चराने गई थी। इसी दौरान हिंसक जानवर ने एक बकरी पर हमला कर दिया। महिलाओं के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बकरी की मौत हो चुकी थी। सोमवार को इसी इलाके में कयूम की बकरी पर भी जानवर ने हमला कर मार डाला।
ग्रामीण रवि आलम, महताब और रामप्रकाश ने बताया कि गांव का सरेह महराजगंज जिले के गेड़हरूआ जंगल से सटा हुआ है। जंगल की नजदीकी और लंबे सरेह के कारण यहां वन्यजीवों की आवाजाही बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले एक सप्ताह से इलाके में हिंसक जानवर की चहलकदमी की चर्चा है। ऐसे में लोग अकेले सरेह में जाने से कतरा रहे हैं। उन्हें डर है कि कहीं जानवर किसी व्यक्ति पर हमला न कर दे। खड्डा के वन क्षेत्राधिकारी अमित कुमार तिवारी ने बताया कि वन विभाग की टीम लगातार कांबिंग और निगरानी कर रही है। संवाद