मंसाछापर। विशुनपुरा ब्लॉक के मनिकौरा बिजली उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्र में रविवार को 33 केवीए मेन लाइन में तकनीकी फाल्ट आने से करीब पांच घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। सुबह अचानक बिजली गुल होने से दर्जनों गांवों के हजारों उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। भीषण उमस और गर्मी के बीच बिजली न रहने से लोगों का जनजीवन प्रभावित रहा।
सुबह करीब छह बजे 33 केवी मेन लाइन में फाल्ट आने के कारण मनिकौरा बिजली उपकेंद्र से होने वाली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। बिजली कटौती के कारण घरों में पंखे और कूलर बंद हो गए, वहीं पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई। ग्रामीणों को मोबाइल चार्ज करने समेत दैनिक कार्यों में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।रविवार होने के कारण अधिकांश लोग घरों पर ही थे, लेकिन बिजली न रहने से उमस भरी गर्मी ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी।
सूचना मिलने के बाद बिजली विभाग की टीम फाल्ट की तलाश और मरम्मत कार्य में जुट गई। कर्मचारियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद लाइन की खराबी को दूर किया। इसके बाद दोपहर करीब साढ़े 12 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी, जिससे उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली। संवाद