मंसाछापर। जटहां बाजार थाना क्षेत्र के एकवनही उर्फ भागवतपुर गांव के पास सोमवार की देर शाम को बेटी के घर जिऊतिया पहुंचाने जा रहे साइकिल सवार 40 वर्षीय युवक की बाइक की चपेट में आने से मौत हो गई। बाइक पर सवार युवक भी घायल हो गया। उसका इलाज गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जटहां गांव निवासी जोगिंद्र गुप्त सोमवार की शाम पड़ोस के गांव एकवनही में अपनी बेटी के घर जिऊतिया पहुंचाने जा रहे थे। जटहां से एकवनही मार्ग पर सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर साइकिल में टकरा गई। टक्कर तेज होने से जोगिंद्र गुप्ता और अहिरौली गांव निवासी शैलेष (32) घायल हो गए। दोनों को एंबुलेंस से लोगों ने मेडिकल कॉलेज कुशीनगर पहुंचाया। हालत गंभीर बताकर गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इलाज के दौरान जोगिंद्र गुप्ता की देर रात मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार की शाम को शव आया तो घर वालों में चीख-पुकार मच गई। इंस्पेक्टर ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि तहरीर मिलते ही केस दर्ज कर लिया जाएगा।