फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अनमोल बोला : पापा मत मारो, बाबा मर जाएंगे.... तो भी नहीं सुना

Mon, 26 Jun 2023 12:37 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कुशीनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
पिता ने बहू के नाम की थी वसीयत ताकि सुरक्षित रहे जमीन
विज्ञापन

हत्या के बाद दरवाजे पर बैठा था डंडा लेकर, चीखने की आवाज सुनकर पहुंचे पड़ोसी
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। काश! अभिमन्यु ने अपने बेटा और बेटी की बात मान ली होती तो शायद बीमार पिता की हत्या का कलंक उसके माथे पर नहीं लगा होता। हत्या के बाद घर वालों में, जहां चीख-पुकार मच गई, वहीं, दरवाजे पर गुमशुम बैठे कातिल को थोड़ा भी अफसोस नहीं था।
बरवा राजापाकड़ गांव के बहुरिया टोला की घटना ने सभी को झकझोर दिया। नशे के दलदल में फंसे अभिमन्यु की पत्नी और बच्चों से बेरुखी को देखते हुए पिता बादशाह राय ने बहू प्रतिमा को जमीन वसीयत कर दी थी। इसकी जानकारी होने के बाद अभिमन्यु बौखला गया था।
विज्ञापन

शनिवार की रात को जब अनाप-शनाप बोलते हुए हाथ में डंडा लेकर अभिमन्यु घर में दाखिल हुआ तो पत्नी प्रतिमा ने चिल्लाते हुए ससुर के कमरे का दरवाजा बंद कर दिया। लेकिन उसे धक्का दे दिया और पिता की पिटाई करने लगा। यह देखकर अभिमन्यु का 13 वर्षीय बेटा अनमोल बोला कि पापा बस करो, बाबा बीमार हैं, मर जाएंगे, मान जाओ... बेटी दस वर्षीय परी अपनी मां से लिपटकर रोने लगी। पांच वर्ष का अमृत भी रो रहा था। इतनी देर में बीमार पिता की जान बेटे ने ले ली।
उनके शव से बहू और नाती लिपटकर रोने लगे तो हाथ में डंडा लेकर दरवाजे पर जाकर बैठ गया। रोने-चिल्लाने की आवाज सुनकर गांव वाले दरवाजे पर पहुंचे तो भी कुछ नहीं बताया घर में जाने का सिर्फ इशारा किया। बेटे की इस करतूत को सुनकर हर कोई हाथ माथे पर रख ले रहा था। रात में रिश्तेदार भी पहुंच गए। कोई पुलिस को तहरीर देने को तैयार नहीं था। इसकी जानकारी जब बहन दीपू को हुई, तो उन्होंने भाई पर केस दर्ज कराया।






टूट रही रिश्तों की डोर, अपने बहा रहे खून
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। वर्तमान दौर में पवित्र रिश्ते का भी कत्ल हो रहा है। समय के साथ सामाजिक ताना बाना में बदलाव का असर पारिवारिक रिश्तों पर पड़ रहा है। संपत्ति के बंटवारे, मामूली कहासुनी या शक जैसे मामलों को मिलकर आसानी से सुलझाया जा सकता था। उसमें लोग अपनों का खून बहाने में भी नहीं हिचक रहे हैं। जिले में ऐसे कई वारदात हो चुकी हैं।

केस एक
शक में पिता ने की बेटी की हत्या
पटहेरवा के बसंतपुर गांव में 7 मई 2023 को किशोरी की हत्या हुई थी। कातिल इसका पिता ही निकला। वजह मोबाइल पर अधिक समय तक किसी दोस्त से बात करनी थी। इसी संदेह में अपनी बेटी को गला दबाकर मार डाला था। बात किससे कर रही थी और इसका कौन दोस्त है, पिता को यह भी पता नहीं चला।

केस दो
बेटा ने पिता को कुदाल से काटा
रविंद्र नगर थाना क्षेत्र के सिसवा मठिया गांव में 31 मार्च 2023 को इकलौते बेटा दिनेश गुप्ता ने पिता पति गुप्ता की कुदाल से काट कर हत्या कर दी थी। वारदात के पीछे जमीन बेचने और पत्नी संग बदसलूकी का कारण सामने आया है। इसमें पुत्र ने पिता को मारा था।
केस तीन
पिता ने बेटी का मरोड़ा था गर्दन
सेवरही थाना क्षेत्र के बगहां गांव में 14 फरवरी को सेवरही थाना क्षेत्र राजपुर बगहां गांव में प्रेम प्रसंग में पिता ने बेटी की पिटाई कर गला मरोड़ दिया था। इससे उसकी मौत हो गई थी। इसमें मृतका के भाई और चाचा ने भी मदद की थी। एसपी ने घटना का पर्दाफाश किया था।
विज्ञापन



गलत संगत और नशा तोड़ रही है रिश्तों की दीवार
समाज की युवा पीढ़ी गलत संगत में चली जा रही है। वहां युवा वर्ग शराब समेत अन्य बुराइयों को अपना रहा है। इससे उनकी परिवार से दूरी बढ़ती जा रही है। इससे रिश्तों में दीवार खड़ी हो जा रही है। लोग क्षणिक आवेश में इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। इससे बचाव के लिए परिवार के वरिष्ठ लोग युवाओं के साथ समय बिताकर उनकी मनोभावनाओं को समझें, ताकि उनके भीतर शुरू रही दुष्प्रवृत्तियों को प्रारम्भ से सुधारा जा सके।
-प्रोफेसर अमृतांशु शुक्ला, मनोविज्ञान, बुद्ध पीजी कॉलेज, कुशीनगर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें