रवा राजापाकड के बहुरिया टोला निवासी मृतक बादशाह राय की फाइल फोटो।संवाद
बहू को जमीन वसीयत की, तो बेटे ने बाप को मार डाला
देर रात घटना को दिया अंजाम, सोते समय कमरे में डंडे से किया वार
बहन ने हत्या का केस दर्ज कराया, आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना (कुशीनगर)। बेटे ने घर में सो रहे पिता की डंडे से पीटकर हत्या कर दी। इससे गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्या की वजह बहू को जमीन वसीयत करनी बताई जा रही है।
तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के बरवा राजापाकड़ गांव के बहुरिया टोला के रहने वाले 65 वर्षीय बादशाह राय गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। इनका इकलौता बेटा अभिमन्यु रुपये मांगने के अलावा जमीन बेचने की जिद करता था। ऐसा नहीं करने पर विवाद करता था। बेटे के इस रवैये से तंग पिता ने बहू प्रतिमा को जमीन वसीयत कर दी। इसकी जानकारी बेटे को हुई तो वह शनिवार की देर रात घर पहुंचा और कमरे में सो रहे पिता की पिटाई करने लगा। डंडे से सिर पर वार करने से बादशाह राय की मौत हो गई।
गांव पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर बेटे को थाने लेकर चली गई। हत्या के बाद गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है। सीओ उमेश कुमार भट्ट ने घटनास्थल की छानबीन की। बेटी दीपू सिंह की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
एसपी धवल जायसवाल ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। गांव में पुलिस तैनात है। पारिवारिक विवाद में बेटे ने हत्या की है।