साखोपार में बैठक करते किसान। संवाद
साखोपार। स्मार्ट सिटी बनाने के लिए चल रहे भूमि अधिग्रहण के सर्वे के खिलाफ बृहस्पतिवार को किसानों ने बाड़ीपुल चौराहे पर पंचायत आयोजित किया। किसानों ने कहा कि वह स्मार्ट सिटी के निर्माण के लिए अपनी उपजाऊ जमीन को नहीं देंगे। स्मार्ट सिटी बनने से किसानों को कोई लाभ नहीं है। किसान अपनी जमीन का अधिग्रहण किसी कीमत पर नहीं होने देंगे।पंचायत को संबोधित करते हुए दीनबंधु तिवारी ने कहा कि कसया नगर के कसाडा चौक के पास एनएच 28बी कसाय-पडरौना मार्ग के दोनो तरफ चंवर की ऊसर जमीन है।
जिसे प्रॉपर्टी डीलर अवैध तरीके से महंगे दामों पर प्लाटिंग कर बेच रहे हैं। प्रशासन इस परियोजना के लिए उसी जमीन का सर्वे कराए। यहां की जमीन सबसे अधिक उपजाऊ है जो कृषि योग्य है। पंचायत की अध्यक्षता संतोष सिंह ने किया। पंचायत के बाद किसानों का दल कुशीनगर सांसद विजय कुमार दूबे को ज्ञापन सौंपकर भूमि अधिग्रहण रुकवाने के लिए अपील किया। जिस पर सांसद ने किसानों के साथ अन्याय नहीं होने का भरोसा दिलाया। इस दौरान संजीव पाण्डेय, नरसिंह चौधरी, रामदरश चौधरी, शिब्बू चौधरी, विश्व देव पाठक, पवन पाठक, चंद्रेश चौबे आदि मौजूद रहे।