जटहा बाजार में खाद की दुकान को सील करते जिला कृषि अधिकारी और एआर कोआपरेटिव।स्रोत-सोशल मीडिया
मंसाछापर। विशुनपुरा ब्लॉक के जटहा बाजार स्थित किसान खाद भंडार पर यूरिया की कालाबाजारी और प्रति बोरी 1200 रुपये में बिक्री की शिकायत को डीएम ने गंभीरता से लिया है। सोमवार को डीएम के निर्देश पर जिला कृषि अधिकारी संजीव सिंह और एआर कोऑपरेटिव नीरज गौड़ की टीम जांच के लिए मौके पर पहुंची। दुकान के अलावा दुकानदार का दो गोदाम सील किया गया है।
जांच के दौरान अधिकारियों ने दुकान के स्टॉक का सत्यापन किया और किसानों के बयान दर्ज किए। शिकायतकर्ता एवं जरार गांव के ग्राम प्रधान सतीश गौतम ने आरोप लगाया कि किसानों को निर्धारित मूल्य से कहीं अधिक कीमत पर यूरिया बेची जा रही थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बिहार के लोगों को भी ऊंचे दामों पर खाद की बिक्री की जाती है।
जांच में प्रथम दृष्टया अनियमितताएं मिलने पर जिला कृषि अधिकारी ने किसान खाद भंडार को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। साथ ही संचालक के अन्य दो गोदामों को भी सील कर दिया गया। किसानों का कहना है कि खाद का भंडारण पांच अलग-अलग स्थानों पर किया जाता है।
जांच के दौरान गोदामों में भारी मात्रा में खाद का स्टॉक भी मिला। ग्राम प्रधान सतीश गौतम ने कहा कि जांच के दौरान कई किसानों ने अपने बयान दर्ज कराए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई के नाम पर किसी प्रकार की लीपापोती की गई तो वह मुख्यमंत्री से मिलकर पूरे मामले से अवगत कराएंगे।