बकनहा गन्ना तौल केंद्र पर किसानों ने किया प्रदर्शन
घटतौली का लगाया आरोप, मिल प्रबंधन के कर्मचारियों के आश्वासन पर शांत हुआ मामला
कसया। पंजाब चीनी मिल रामकोला की तरफ से बकनहा में स्थापित गन्ना क्रय केंद्र परिसर में मंगलवार को किसानों ने विरोध प्रदर्शन किया। किसानों ने दो सप्ताह से तौल न होने, सप्लाई टिकट न मिलने और घटतौली का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंचे मिल प्रबंधन के कर्मचारियों ने लिखित आश्वासन देकर प्रदर्शन समाप्त कराया।
किसानों का आरोप था कि सप्लाई टिकट समय से नहीं मिलना और समय से लोडिंग नहीं होने से तौल केंद्र पर आए किसानों को ठंड में परेशान होना पड़ता है। किसानों ने तौल केंद्र पर घटतौली का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। किसानों के समर्थन में पहुंचे जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि बलराम राव ने मिल के अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग करते हुए धरना पर बैठ गए। करीब तीन घंटे बाद मिल के सीनियर सीडीआई रविंद्रधर द्विवेदी, गन्ना सचिव रविंद्र बहादुर, सहायक केन मैनेजर नरेंद्र सिंह, सहायक मैनेजर संजय चौबे मौके पर पहुंचे, तो किसानों ने मिल के अधिकारियों को जमीन पर बैठा कर मिल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। करीब दो घंटे तक अधिकारियों और किसानों के बीच वार्ता चलने के बाद अधिकारियों ने लिखित आश्वासन देकर नाराज किसानों को शांत कराकर धरना समाप्त कराया।
इस दौरान डिंपल पांडेय, रविंद्र राय, अमरनाथ यादव, राकेश कुमार गुप्ता, देवेंद्र कुशवाहा, श्रीराम यादव, कैलाश गुप्ता, सुशील कुशवाहा, तेज बहादुर कुशवाहा, रमेश कुशवाहा और नरेंद्र यादव आदि मौजूद थे।
सड़क का निर्माण अधूरा छोड़ने से लोगों ने किया प्रदर्शन
करीब एक किलोमीटर अधूरा पड़ा है नारायनपुर-कोइलसवा बुजुर्ग मार्ग
बनकटा बाजार। क्षेत्र के दुलदुलिया चौराहे पर मंगलवार को गांव के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने नारायनपुर-कोइलसवा बुजुर्ग मार्ग के अधूरे पड़े काम को पूरा कराने की मांग की। ग्रामीणों ने चेताया कि यदि सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा।
प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे शंभू राय ने कहा कि नारायनपुर-कोइलसवा बुजुर्ग मार्ग सीधे बिहार प्रांत को जोड़ता है। करीब दो माह पूर्व शुरू हुआ सड़क का निर्माण कार्य एक माह तक चला। इसके बाद काम ठप हो गया।
इसके बाद से कोइलसवा नहर से दुदुलिया चौराहे तक करीब पांच सौ मीटर और शेरपुर बड़हरा से नारायनपुर तक सड़क निर्माण अधूरा पड़ा है। यहां गिट्टियां बिछाकर छोड़ दी गई है। इससे राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने अधूरे सड़क निर्माण को शीघ्र पूरा कराने की मांग की है।
इस दौरान रुदल यादव, फूल मोहम्मद अंसारी, मुन्नीलाल गुप्ता, विनय चौबे, अवधेश उपाध्याय, बुंदेला चौरसिया, बृज किशोर गौड़, सुभाष गौड़, मुकेश प्रजापति, सफीक अंसारी और लूटन प्रसाद आदि शामिल थे।
इस संबंध में जानकारी मिली है। सड़क का टेंडर पूरा हो चुका है। जल्द ही अधूरा पड़े निर्माण को पूरा करा दिया जाएगा।
गोपाल राय, जेई, पीडब्ल्यूडी