गांव निवासी रामाश्रय गौड़ (62) मंगलवार दोपहर करीब दो बजे अपने खेत में कटे धान को समेट रहे थे। इसी दौरान आवारा पशुओं का झुंड खेत में पहुंच गया। फसल को नुकसान होता देख रामाश्रय पशुओं को खदेड़ने लगे। तभी झुंड में शामिल एक पशु ने उन पर हमला कर दिया और कई बार पटक दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
पास के खेत में काम कर रहे एक किसान ने घटना देख शोर मचाया और रामाश्रय को बचाने का प्रयास किया, लेकिन पशु उसकी ओर भी दौड़ पड़े। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। परिजन उन्हें निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपराइच ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
किसान की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी अजोरा देवी, बड़े बेटे रामगोविंद उर्फ टून्नू और छोटे बेटे लक्ष्मण उर्फ सोनू का रो-रोकर बुरा हाल है।