अहिरौली बाजार। थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव में करंट की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई। इसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर आई पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। विशुनपुरा निवासी रामप्रवेश मौर्य (32) ने अपने घर के पास खेत में सब्जी की खेती की थी। सब्जी की फसल को जानवरों से बचाने के लिए खेत में चारों तरफ बिजली का नंगा तार लगाया गया है। रोज रात में तार को सप्लाई जोड़ देते थे। सोमवार को सुबह करीब छह बजे रामप्रवेश खेत में सब्जी को देखने गए और बिजली की सप्लाई बंद करना भूल गए।
खेत में तार को छूते ही करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इसे देख परिजन शोर मचाने लगे। शोर सुनकर आस पास के लोग पहुंचे और बिजली की आपूर्ति बंद किया, लेकिन तब तक किसान की मौत हो चुकी थी। लोगों ने बताया कि रामप्रवेश गुजरात के सूरत में मजदूरी करके परिवार की जीविका चलाते थे। पिता की मौत होने के बाद दो वर्ष से घर पर ही रहकर ई रिक्शा चलाते थे और सब्जी की खेती भी की थी।
रामप्रवेश की मौत के बाद उनकी मां पार्वती देवी और पत्नी सीमा देवी के बीच कहासुनी होने लगी। दोनों में मारपीट की स्थिति उत्पन्न हो गई। अहिरौली बाजार पुलिस ने बीच बचाव किया। रामप्रवेश मौर्य के सात वर्षीय बेटे कृष्णा व चार वर्षीय बेटी परी का रो-रोकर बुरा हाल था। थानाध्यक्ष संजय दूबे ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।