- रामकोला के बरवा खुर्द गांव की घटना
- दोनों पक्षों की तरफ से दी गई है रामकोला थाने में तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
रामकोला। बरवा खुर्द में शनिवार की सुबह खेत का मेड़ काटने के विवाद में किसान संतोष साहनी (35) पर कुदाल से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल किसान को सीएचसी पहुंचा गया। जहां हालत नाजुक देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। दूसरे पक्ष ने घर में घुसकर हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस के मुताबिक दोनों पक्षों से तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।
रामकोला के बरवा खुर्द गांव के निवासी संतोष साहनी सुबह अपने खेत में गए थे। पास में ही राम प्रसाद का भी खेत है। सीएचसी में संतोष साहनी ने बताया कि दोनों के खेत के बीच में स्थित मेड़ को रामप्रसाद के परिवार के लोग कुदाल से काटकर मिला रहे थे। इसका विरोध किया तो राम प्रसाद के परिजनों ने कुदाल से उनके सिर पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रुप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर परिजन पहुंचे और सरकारी एंबुलेंस मंगाया। संतोष साहनी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां उनका प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने सिर में चोट होने के कारण सिटी स्कैन कराने के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
वहीं दूसरी तरफ से रामप्रसाद ने अपनी पत्नी व बेटों के साथ सीएचसी पहुंचे वहां चिकित्सकीय परीक्षण कराया। इसके बाद थाने में तहरीर दी कि संतोष साहनी के परिजनों पर घर में घुसकर मारापीटा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। थानाध्यक्ष राजू सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। खड्डा के सीओ संदीप वर्मा का कहना था कि घटना की जानकारी नहीं है। मारपीट हुई है तो मामला गंभीर है। दोषी के खिलाफ कार्रवाई होगी।