पडरौना/कसया। अलविदा की नमाज शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा के बीच पढ़ी गई। शहर से लेकर गांव के मस्जिद व कस्बे में पुलिस चप्पे-चप्पे पर तैनात रही। इसके अलावा मजिस्ट्रेट व निकाय क्षेत्रों में नगर पालिका व नगर पंचायत कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। एसपी संतोष कुमार मिश्रा और एएसपी रितेश कुमार मिश्रा शहर के संवेदनशील स्थानों पर खुद पहुंचे और आस-पास के लोगों व नमाजियों से शांतिपूर्ण तरीके से ईद का त्योहार मनाने की अपील किया। पडरौना शहर के छावनी में जामा मस्जिद, सरदार पटेल नगर जमा मस्जिद के अलावा तमकुहीराज, कसया, हाटा, कप्तानगंज, खड्डा समेत ग्रामीण क्षेत्रों के मस्जिद पर रोजेदारों ने अलविदा की नमाज पढ़ी। नगर के जामा मस्जिद में इमाम दरवेश आलम ने नमाज पढ़ाई। कहा कि एक माह नेक, नियत, रोजा रखने और इबादत से खुदा को खुशी मिलती है। गरीबों को जकात, खैरात, हर परिवार को समय से अदा करना और गरीबों की मदद करना नेकियों का अहम हिस्सा है। एसपी ने कसया भी पहुंंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। सुरक्षा व्यवस्था में सीओ अभिषेक प्रताप अजेय, कुंदन सिंह, रवि राय, एसएचओ ओमप्रकाश तिवारी आदि मौजूद रहे।