सुकरौली। 17 जून को रहस्यमय ढंग से लापता हुए सफाईकर्मी योगेश और 23 जून को झाड़ियों में मिले कंकाल के मामले में अब नया मोड़ आ गया है।
घटना के कई दिन बाद मृतक के परिजन ने हाटा कोतवाली में हत्या की आशंका जताते हुए तहरीर दी है। परिजन ने पुलिस की अब तक की जांच और कार्यशैली पर असंतोष व्यक्त करते हुए हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर जांच की मांग की है।
तहरीर में योगेश के पिता रामप्यारे ने बताया है कि 17 जून को योगेश ड्यूटी से घर लौटने के बाद खेत की ओर गया था, लेकिन वापस नहीं आया।
काफी तलाश के बाद गुमशुदगी दर्ज कराई गई। इसके बाद 23 जून को पड़री गांव के पास झाड़ियों में एक कंकाल बरामद हुआ, जिसकी पहचान चप्पल और अन्य सामान के आधार पर योगेश के रूप में की गई।
परिजन का आरोप है कि किसी ने रंजिशवश योगेश की हत्या कर शव को काटकर सुनसान स्थान पर फेंक दिया।
परिजन का कहना है कि महज एक हफ्ते में शव कंकाल कैसे बन सकता है? पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पूरे मामले में कई नए सवाल खड़े हो गए हैं। इसके बावजूद पुलिस ने अब तक हत्या की प्राथमिकी दर्ज नहीं की है। यही कारण है कि उन्होंने तहरीर देकर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।
बता दें कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मामले की दिशा बदल गई है। पुलिस ने मृतक के पिता का डीएनए नमूना भी लिया है, जिसकी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। हालांकि परिजनों का कहना है कि डीएनए जांच के साथ-साथ हत्या के सभी पहलुओं की भी गंभीरता से जांच होनी चाहिए।