पिपरा कनक। क्षेत्र के मठिया में बिहार के सईजनवा गांव से आई बरात में एक युवक को पुलिस को झूठी सूचना देना महंगा पड़ गया। युवक ने पुलिस को सूचना दी कि बरात में दो समुदाय के लोगों में विवाद हो गया है। दूसरे समुदाय के लोग बरातियों से मारपीट कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने देखा कि बराती भोजन करर रहे हैं, दूसरी ओर आर्केस्ट्रा चल रहा है। माहौल शांत है। पुलिस ने पूछा तो मारपीट से बरातियों व घरातियों ने अनभिज्ञता जताई। बाद में पुलिस ने घटना की सूचना देने वाले को भी ढूंढ़ निकाला।
गिरफ्तार युवक नौशाद निवासी बिहार बुजुर्ग थाना तमकुहीराज ने पुलिस को बताया कि वह देखना चाहता था कि पुलिस कितनी सक्रिय है। थानाध्यक्ष विनय कुमार मिश्र ने बताया कि पुलिस को झूठी सूचना देने वाले युवक का शांतिभंग में चालान कर दिया गया है।