10वीं पास है दिल्ली में दबोचा गया फर्जी अफसर गौरीशंकर
फाजिलनगर। दिल्ली पुलिस ने जिस फर्जी आईपीएस अफसर गौरीशंकर सिंह बघेल को दबोचा है वह पटहेरवा थाना क्षेत्र के नदवा विशुनपुर गांव का रहने वाला है। इस गांव के एक शख्स यूपी पुलिस में डीआईजी हैं। आरोपी गौरीशंकर उन्हें भी परेशान कर चुका है।
कुशीनगर जनपद के नदवा विशुनपुर गांव युवा सेना समेत कई सरकारी नौकरियों में लोग कार्यरत हैं। सोमवार सुबह जब गांव के लोगों ने अखबार में दिल्ली से छपी खबर अपने को आईपीएस अफसर बताकर महिलाओं को भेजता था अश्लील वीडियो पढ़ा तो अवाक रह गए। हर किसी के जुबां पर यही चर्चा थी कि गांव के तमाम लोग देश की सेवा में लगे हैं लेकिन गौरी शंकर गांव को बदनाम करने में लगा है। गांव के लोगों ने बताया कि गौरीशंकर बचपन से ही पढ़ने कमजोर था। उसका दिमाग टेक्निकल कामों में ज्यादा लगता था। किसी तरह से वह दसवीं तक पढ़ा। उसके बाद वह टीवी, रेड़ियो, डिस टीवी, मोबाइल बनाने, रिचार्ज, सिम कार्ड आदि बेंचने का काम करने लगा। कुछ महीने पहले गांव ही के रहने वाले और यूपी पुलिस में डीआईजी रैंक के अफसर को ही परेशान कर दिया था। इसके बाद गांव के लोगों से उसका संपर्क कम हो गया।