वीडियो बनाते ही भाग गए आंख की जांच करने वाले
- खुद को आंख का डॉक्टर बताकर ग्रामीणों को दे रहे थे दवा
- पटहरेवा थाना क्षेत्र के मोगलपुरा गांव का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
उजारनाथ। पटहेरवा थाना क्षेत्र के मोगलपुरा गांव में बुधवार को आंख का डॉक्टर बताकर जांच कर रहे चार लोग वीडियो बनाते ही भाग निकले। कथित डॉक्टरों की हरकत से क्षेत्र के लोग दंग हैं।
बुधवार को मोगलपुरा गांव में चार लोग पहुंचे। उन्होंने खुद को अस्पताल का डॉक्टर बताते हुए लोगों से आंखों की जांच कराने को कहा। धीरे-धीरे गांव में भीड़ जमा हो गई। लोगों ने अपनी आंख की जांच कराना शुरू कर दिया। तभी एक युवक वहां पहुंचा। संदेह के आधार पर उसने आंखों की जांच कर रहे लोगों का मोबाइल से वीडियो बना लिया। इसके बाद खुद को डॉक्टर बताने वाले अपना उपकरण छोड़कर वहां से भाग गए। कुछ देर बाद वीडियो बना रहा युवक भी चला गया।
गांव के संतोष सिंह, अनिरुद्ध सिंह, रामरती देवी, सुभावती देवी, गीता देवी, श्रीकिशुन सिंह, धर्मेंद्र, लल्लन आदि ने अपने आंखों की जांच कराई थी। जांच के नाम पर उनसे सौ-सौ रुपये लिए गए हैं। डॉक्टरों के भागने के बाद दवाएं फेंक दीं।
इस सबंध में सामुदायिक केंद्र तमकुहीराज के अधीक्षक डॉ. अमित कुमार राय ने बताया कि सीएचसी से कोई डॉक्टर या टीम आंखों की जांच के लिए गांवों में नहीं भेजी गई है। आंखों की जांच करने वाले लोग किसी निजी अस्पताल से जुड़े या फिर फर्जी हो सकते हैं। इस संबंध में शिकायत के आधार पर जांच कराई जाएगी।