बृहस्पतिवार से शुरू हो रहे यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए जिले में 198 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 111324 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। बोर्ड परीक्षा की शुचिता बनाए रखने और नकल रोकने के लिए छह सचल दल बनाए गए हैं। इसके अलावा 21 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, छह जोनल मजिस्ट्रेट और 18 सेक्टर मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई है। ये मजिस्ट्रेट परीक्षा के दौरान पल-पल की गतिविधियों पर नजर रखेंगे।
कुशीनगर जिले में कुल 286 माध्यमिक विद्यालय हैं, जिनमें से 16 राजकीय और 55 अनुदानित तथा शेष वित्तविहीन मान्यता प्राप्त हैं। इनमें पंजीकृत 111324 परीक्षार्थियों के लिए जिले भर में कुल 198 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रथम पाली की परीक्षा प्रात: साढ़े सात बजे से पौने ग्यारह बजे तथा दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम सवा पांच बजे तक होगी। हाईस्कूल के लिए कुल 66484 परीक्षार्थियों में से 27956 बालक और 38528 बालिकाएं हैं। 8856 प्राइवेट परीक्षार्थी हैं। इंटरमीडिएट की परीक्षा में कुल 44840 परीक्षार्थी बैठेंगे। इनमें से 19233 बालक और 25607 बालिकाएं हैं। 1774 व्यक्तिगत परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा के दौरान नकलचियों को पकड़ने के लिए डीआईओएस, बीएसए, डॉयट प्राचार्य, डीआईओएस कार्यालय के वित्त एवं लेखाधिकारी तथा राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मोतीललहा और कटाई भरपुरवा की प्रधानाचार्य के नेतृत्व में छह सचल दल बनाए गए हैं। इसके अलावा डीएम शम्भु कुमार ने भी परीक्षा केंद्रों को संख्या के आधार पर जिले को 19 सेक्टरों में विभाजित करते हुए प्रत्येक सेक्टर में एक सेक्टर मजिस्ट्रेट को तैनात किया गया है। सभी एसडीएम अपने तहसील क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों के लिए जोनल मजिस्ट्रेट होंगे। इस बार जिले में 21 परीक्षा केंद्र को संवेदनशील और अति संवेदनशील परीक्षा केंद्र के रूप में चिह्नित करते हुए वहां स्टेटिक मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई है। ये स्टेटिक मजिस्ट्रेट प्रत्येक पाली में उपस्थित होकर प्रश्न पत्रों का पैकेट खुलवाने से लेकर उत्तर पुस्तिकाओं को सील कराकर उपसंकलन केंद्र तक भेजवाने की जिम्मेदारी निभाएंगे। इन 21 परीक्षा केंद्रों पर किसी प्रकार की गड़बड़ी सामने आने पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट जिम्मेदार होंगे।
डीआईओएस उदयप्रकाश मिश्र ने बताया कि इस परीक्षा के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। केंद्र व्यवस्थापकों को सभी जरूरी सूचनाएं दे दी गई हैं। कंट्रोल रूम चालू हो गया है। किसी प्रकार की दिक्कत आने पर केंद्र व्यवस्थापक सीधे उनसे या परीक्षा प्रभारी से संपर्क कर सकते हैं।