मंसाछापर। विशुनपुरा ब्लॉक के चिरईहवा गांव में विकास कार्यों को लेकर बड़ा आरोप सामने आया है। धन निकासी के तीन महीने बाद भी स्ट्रीट लाइट नहीं लगवाई गई है। सोमवार को ग्रामीणों ने एडीएम को शिकायत करते हुए मामले की जांच और कार्रवाई करने की मांग की।
ग्रामीणों में राकेश कुमार गिरी, विनोद भारती, सुनील यादव और फरमान अंसारी ने आरोप लगाया कि 7 मई 2025 को अमृत सरोवर पर स्ट्रीट लाइट लगाने के नाम पर 1,95,804 रुपये निकाल लिए गए। लेकिन आज तक एक भी लाइट नहीं लगाई गई। ग्रामीणों का कहना है कि यह गंभीर मामला है और यदि निष्पक्ष जांच कराई जाए तो कई अन्य घोटाले भी सामने आ सकते हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।