- घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे एएसपी ने दिया था शीघ्र खुलासा करने का भरोसा
संवाद न्यूज एजेंसी
तमकुहीराज। चोरी की घटना के 19 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। चोरी की घटना का खुलासा नहीं होने से कस्बे के दुकानदारों में दहशत का माहौल है। 17 जुलाई की रात तमकुहीराज थाना क्षेत्र के एनएच स्थित लतवा बाजार में आभूषण की दुकानों में सेंध काटकर चोर 85 हजार नकद समेत पांच लाख से अधिक का आभूषण उठा ले गए थे। चोरों ने सेवरही उपनगर के निवासी जीतेंद्र वर्मा की दुकान में रखे तिजोरी से 35 हजार नकद, 250 ग्राम सोने और 12 किलो चांदी के जेवर और गजानंद वर्मा की दुकान में रखे तिजोरी से 50 हजार नकद, 100 ग्राम सोने और तीन किलो चांदी के आभूषण उठा ले गए थे। व्यापारियों ने 18 जुलाई को तहरीर दी तो पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खोजी कुत्ते की मदद से दो संदिग्धों सहित चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, लेकिन कुछ विशेष जानकारी हासिल नहीं हो सकी। घटनास्थल का एएसपी रितेश सिंह ने भी निरीक्षण कर दुकानदारों को मामले की शीघ्र खुलासा करने का भरोसा दिया, लेकिन पुलिस अभी खुलासा करने में सफल नहीं हुई। इस मामले में हुई देरी के कारण पीड़ित दुकानदारों ने एसपी से मिल कर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में सीओ तमकुहीराज जीतेंद्र सिंह कालरा ने बताया पांच टीमें काम कर रही हैं। शीघ्र ही घटना का खुलासा किया जाएगा।