सलेमगढ़ में बिहार जाने वाले हाईवे पर ट्रकों का लगा जाम।संवाद
सलेमगढ़। यूपी-बिहार सीमा से करीब पांच किलोमीटर दूर बिहार के बलथरी चेकपोस्ट पर पंजाब के संगरूर जिले के ट्रक चालक हरप्रीत सिंह ने फोन से गोपालगंज एसपी विनय तिवारी को अवैध इंट्री कराने की सूचना दी। इसको गंभीरता से लेते हुए गोपालगंज एसपी मौके पर पहुंच और मामले की जांच की। प्रवर्तन निरीक्षक हेमंत कुमार दोषी पाए गए। एसपी के निर्देश पर प्रवर्तन निरीक्षक को कुचायकोट पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
ट्रक चालक की तहरीर भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। आयकर अधिकारी गहनता से जांच कर रहे हैं। चेकपोस्ट पर उत्तर प्रदेश की ओर से आने वाले ट्रक सहित सभी व्यावसायिक वाहनों की सघन जांच की जा रही है। इससे मंगलवार की आधी रात से बिहार जाने वाले हाईवे पर उत्तर प्रदेश की सीमा बहादुरपुर से करीब दस किलोमीटर दूर लतवा बाजार तक वाहनों की लंबी कतार लगी है। चालक नाश्ता, भोजन के लिए तरस रहे हैं। सलेमगढ़ में ढाबा होटल सहित चाय आदि के दुकानदार मनमाना दाम वसूल रहे हैं।
जाम का दूसरा कारण सलेमगढ़ में निर्माणाधीन ओवरब्रिज है। यहां बिहार से आने वाले हाईवे की एक लेन पर कार्य किया जा रहा है। एक लेन से वाहन आ-जा रहे हैं। वहीं चालू लेन की सर्विस रोड को तोड़कर एक मीटर गहरा कर देने से मार्ग संकरा हो गया है। हरियाणा के ट्रक चालक रामदेव प्रसाद, कानपुर के प्रभुनाथ सिंह, पंजाब के विष्णु शर्मा ने कहा कि सुबह से ही खड़े हैं। करीब आठ घंटे में आधा किलोमीटर ट्रक आगे बढ़ा है।