बसंतपुर गांव में पोखरी से अतिक्रमण हटवाते हाटा तहसीलदार।
हाटा। बृहस्पतिवार को तहसीलदार हाटा की अगुवाई में राजस्व और पुलिस टीम ने बसंतपुर गांव के तालाब पर किए गए अतिक्रमण को खाली कराया। अतिक्रमण हटवाने के लिए न्यायालय की ओर से बेदखली का आदेश पारित किया गया था।
राजस्व टीम बृहस्पतिवार को दोपहर बाद बसंतपुर गांव में पुलिस टीम और जेसीबी के साथ पहुंची। तहसीलदार धर्मवीर सिंह ने बताया कि अराजी संख्या-65 पर गांव के तीन लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण कर लिया था। इस संबंध में हाटा तहसील के न्यायिक तहसीलदार न्यायालय में वाद दाखिल किया गया था। न्यायालय ने बेदखली का आदेश पारित किया था। उसी आदेश के अनुपालन में टीम की मौजूदगी में पोखरी की जमीन पर टिनशेड आदि डाल कर किया गया अतिक्रमण जेसीबी मशीन की मदद से हटवाया गया। अतिक्रमण हटाने में जो भी खर्च आया है, वह अतिक्रमणकारियों से वसूल किया जाएगा। इस दौरान टीम में कानूनगो सुकरौली प्रदुम्न राव, संजीवन मिश्र, नीरजकांत, विश्वप्रकाश, राजन, श्यामचंद्र सिंह, विरेंद्र सिंह, आलोक श्रीवास्तव, प्रदीप गुप्ता के साथ अहिरौली पुलिस मौजूद रही।