पकवा इनार। महात्मा बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली में सड़क की जमीन से अतिक्रमण हटाने के लिए शुक्रवार को अभियान चलाया गया। एसडीएम और सीओ के नेतृत्व में नगरपालिका, राजस्व एवं पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाया गया। चेतावनी के बावजूद दुकानें या सामान न हटाने वाले लोगों के खिलाफ सख्ती अपनाई गई। जेसीबी से उनकी दुकानों के सामने छज्जा आदि को तोड़ दिया गया।
बीते बृहस्पतिवार को एसडीएम योगेश्वर सिंह की ओर से दुकानदारों, पटरी व्यवसायियों तथा सड़क की जमीन में स्थायी रूप से अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी दी गई थी कि अपने सामान स्वयं हटा लें, अन्यथा प्रशासन की तरफ से सख्ती से पेश आया जाएगा। कई लोगों ने तो पहले दिन ही अपनी दुकानें, टिनशेड व खोमचे हटा लिए थे, लेकिन जिन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया, उनके खिलाफ शुक्रवार को दोपहर बाद से प्रशासन सख्ती से पेश आया। जेसीबी से दुकानें, सीढ़ियां, टिनशेड आदि को हटाया गया।
शुक्रवार को एसडीएम योगेश्वर सिंह सिंह और सीओ कुंदन कुमार सिंह के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया। मुख्य प्रवेश द्वार, लिन्हसन बुद्धिस्ट मंदिर, वर्मा मंदिर, बिरला धर्मशाला, मुख्य महापरिनिर्वाण मंदिर, होटल पथिक निवास, मांथा कुंवर मंदिर के सामने जहां जहां दुकानें पटरी व ठेले मिले, उन्हें जेसीबी से हटवाकर सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। इस मौके पर नायब तहसीलदार शैलेष सिंह, इंस्पेक्टर गिरिजेश उपाध्याय, चौकी इंचार्ज विवेक पांडेय, श्रवण तिवारी समेत बढ़ी संख्या में पुलिस मौजूद रही।