अहिरौली बाजार। विकास खंड के बलुआ गांव में लगे मेले में रविवार को रामलीला के दौरान अहिरावण वध और रावण वध का मंचन किया गया। कलाकारों के सजीव अभिनय को देखकर दर्शक रोमांचित हो उठे। श्रीराम के जयकारों से पूरा मेला परिसर भक्तिमय हो गया।
रामलीला के मंचन के दौरान रावण के कहने पर पाताल लोक में रहने वाला उसका भाई अहिरावण रूप बदलकर राम और लक्ष्मण का अपहरण कर ले जाता है। इसके बाद हनुमान पाताल लोक पहुंचकर अहिरावण का वध करते हैं और राम-लक्ष्मण को मुक्त कराते हैं। दोनों के वापस रामादल में पहुंचने पर खुशी छा जाती है। इसके बाद श्रीराम और रावण के बीच युद्ध होता है, जिसमें श्रीराम रावण का वध कर देते हैं। रावण वध का दृश्य देखकर मेले में पहुंचे दूर-दराज के दर्शक रोमांचित हो उठे और जय श्रीराम के जयकारे लगाने लगे।
मेले के प्रबंधक अभय प्रताप सिंह ने बताया कि सोमवार को रामलीला में भरत-मिलाप का मंचन किया जाएगा।
इस मौके पर संजय प्रताप सिंह, धीरज कुमार सिंह, अनमय प्रताप सिंह, आनंद चौबे, सुरेश यादव, रामरेखा सिंह, अखिल चौबे, रामगुलाब यादव, सुरेंद्र यादव और रामभजन यादव समेत अन्य लोग मौजूद रहे।