प्रशिक्षण लेतीं महिला कर्मचारी।
- फोटो : कुश्ाीनगर ब्यूरो
पडरौना। निकाय चुनाव के लिए मतदान कार्मिकों के दूसरे चरण का प्रशिक्षण मंगलवार को शुरू हुआ। इसमें कर्मचारियों को मतपेटी खोलने व सील करने तथा अभिलेखों को भरने आदि की जानकारी दी गई। नगर के उदित नारायण इंटरमीडिएट कॉलेज में आयोजित प्रशिक्षण में पहले दिन नौ मतदान कार्मिक अनुपस्थित रहे। सीडीओ ने कहा कि प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने वाले मतदान कार्मिकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
29 नवंबर को होने वाले मतदान के लिए पीठासीन अधिकारी, प्रथम द्वितीय व तृतीय मतदान अधिकारी का प्रशिक्षण सुबह दस बजे से शुरू हुआ। दोपहर बारह बजे तक चले इस प्रशिक्षण में मतदानकार्मिकों को पोलिंग बूथों पर ड्यूूटी के संबंध में जानकारी दी गई। दूसरे चरण का प्रशिक्षण दोपहर दो से शाम चार बजे तक चला। इसमें मतपेटिका के रख-रखाव, पोलिंग और वोटिंग से संबंधित जानकारी दी गई। साथ ही विपरीत परिस्थतियों से निपटने, पोलिंग बूथों पर सावधानी बरतने आदि से भी अवगत कराया गया।
सीडीओ कृष्ण कुमार गुप्त ने बताया कि प्रशिक्षण में नौ मतदानकार्मिक अनुपस्थित रहे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अनुपस्थित रहने वाले कार्मिकों के खिलाफ संबंधित विभाग को पत्र जारी किया और आगे से इसकी पुनरावृति न हो, इसकी हिदायत भी दी। अन्यथा की दशा में अनुपस्थित रहने वाले मतदानकार्मिकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की चेतावनी दी। इस प्रशिक्षण के दौरान बीएसए हेमंत राव, डीडीओ चंद्रशेखर समेत सभी खंड शिक्षा अधिकारी आदि मौजूद रहे। दूसरे चरण के दूसरे दिन का प्रशिक्षण बुधवार को इसी स्थान पर दो चरणों में होगा।