पडरौना। बकाया मानदेय समेत कई मामलों को लेकर ग्राम रोजगार सेवकों ने मंगलवार को खड्डा, हाटा व सुकरौली ब्लाक में बीडीओ को ज्ञापन सौंपा। रोजगार सेवकों ने बकाया मानदेय का शीघ्र भुगतान नहीं होने पर कार्य बहिष्कार की भी चेेतावनी दी। अफसरों ने उनकी समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया।
खड्डा प्रतिनिधि के अनुसार उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक संघ की ओर से मंगलवार को खड्डा ब्लाक के ग्राम रोजगार सेवकों ने अपनी मांगों से जुड़ा ज्ञापन बीडीओ को सौंपा। इसमें बकाया मानदेय भुगतान किए जाने समेत चार सूत्री मांग शामिल है। रोजगार सेवकों ने चेतावनी दिया कि शीघ्र उनके मानदेय का भुगतान नहीं किया गया, तो वे कार्य बहिष्कार करने को विवश होंगे। रोजगार सेवकों ने चेतावनी देते हुए कहा कि मांग पूरी नहीं हुई तो वे 26 अप्रैल से कार्य बहिष्कार कर जिला मुख्यालय पर क्रमिक अनशन करने को विवश होंगेे।
इस दौरान दिव्यप्रकाश पांडेय, योगेश शर्मा, प्रदीप पाठक, सत्येंद्र राव, संजीत राव, राहुल पांडेय, अशोक चौहान, संजय चौबे, रविंद्र प्रसाद, सत्येंद्र सिंह, मुन्ना, कमलेश, प्रवीण, अमरनाथ, पप्पू आदि मौजूद रहे।
इस संबंध में बीडीओ खड्डा कार्तिकेय मिश्र का कहना था कि रोजगार सेवकों के बकाए का आधा भुगतान करने की प्रकिया शुरू कर दी गई है। शेष का भुगतान भी करा दिया जाएगा।
ढाढ़ा प्रतिनिधि के अनुसार मंगलवार को विकास खंड सुकरौली के रोजगार सेवकों ने भी समस्या का तत्काल समाधान नही होने पर 26 अप्रैल को जनपद मुख्यालय पर अनशन देने की भी चेतावनी दी। इस दौरान अरविन्द कुमार सिंह, देवेंद्र शाही, रामशरण प्रसाद, अरुण कुमार शाही, संतोष, रमेश सहित अन्य रोजगार सेवक मौजूद रहे। हाटा प्रतिनिधि के अनुसार ग्राम रोजगार सेवकों ने मंगलवार से कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया।
ग्राम रोजगार सेवक संघ की तरफ से मंगलवार को मानदेय भुगतान सहित चार सूत्री मांग पत्र बीडीओ विशुनपुरा को सौंपने गए संगठन के जिलाध्यक्ष व बीडीओ में नोकझोंक हो गई। नाराज बीडीओ ने ज्ञापन लेने से इंकार कर दिया। इसके बाद रोजगार सेवकों ने ब्लॉक सभागार में बैठक कर आंदोलन को तेज करने की रणनीति बनाई। बाद ने रोजगार सेवकों ने ब्लॉक के लिपिक को ज्ञापन दिया। मंगलवार को रोजगार सेवक संघ से जुड़े लोग जिलाध्यक्ष रामआशीष प्रसाद की अगुवाई में चार सूत्री मांग पत्र बीडीओ रघुनाथ सिंह को सौंपने गए थे। इस दौरान संगठन की तरफ से की गई मांग को लेकर बीडीओ तथा जिलाध्यक्ष में बहस होने लगी। बात बिगड़ती देख अन्य लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। इससे नाराज बीडीओ रघुनाथ सिंह ने ज्ञापन लेने से इंकार कर दिया। इस दौरान ब्लाक अध्यक्ष सुनील कुमार शुक्ल, सत्यव्रत सिंह, रमाधार चौहान, बृजेश कुमार, रामप्रताप यादव, सुनीता सिंह, सुचिता सिंह आदि उपस्थित रहे ।