कसया। बुद्ध स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बुधवार को राष्ट्रीय सामाजिक रक्षा संस्थान के सहयोग से उम्मीद संस्था के तत्वावधान में भिक्षावृत्ति उन्मूलन एवं पुनर्वास विषयक अभिसरण प्रशिक्षण हुआ। विशेषज्ञों ने भिक्षावृत्ति में संलग्न परिवारों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सामूहिक प्रयास पर बल दिया।
मुख्य अतिथि सीडीओ वंदिता श्रीवास्तव ने कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति और सुनियोजित कार्ययोजना के माध्यम से भिक्षावृत्ति में शामिल परिवारों का पुनर्वास कर उन्हें सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराया जा सकता है। इसके लिए स्थानीय स्तर पर भिक्षावृत्ति के कारणों और जरूरतों की पहचान करते हुए कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि समाज कल्याण, शिक्षा विभाग एवं विकास भवन की विभिन्न योजनाओं से जोड़कर इन परिवारों को आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। यदि वर्तमान पीढ़ी इस प्रवृत्ति से बाहर निकलती है तो पूरे परिवार का भविष्य बेहतर होगा। डीआईओएस श्रवण कुमार गुप्त, जिला समाज कल्याण अधिकारी रमाशंकर यादव, तहसीलदार धर्मवीर सिंह, बीईओ अशोक कुमार यादव, वासु गोंड ने भी कार्य्रकम को संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य प्रो. विनोद मोहन मिश्र और संचालन रविंद्र वर्मा ने किया। वरुण कुमार राय ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस दौरान डॉ. राकेश चतुर्वेदी, निलेश रंजन राव, अजय कुशवाहा, रागिनी सिंह, नसरीन अंसारी, पुनीत यादव, उमेश प्रसाद, विवेकानंद त्रिपाठी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।