मेडिकल कॉलेज में सीवर लाइन जगह के लिए निरीक्षण करते सीएमएस व अन्य।स्रोत-सोशल मीडिया
पडरौना। मेडिकल कॉलेज की नई बिल्डिंग में इमरजेंसी चिकित्सा व्यवस्था शिफ्ट होगी। मार्च में यह कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इससे मरीजों को सहूलियत होगी। अब तक पुरानी बिल्डिंग में इमरजेंसी संचालित होने से एंबुलेंस से आने जाने वाले मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में मरीजों को दरवाजे से अंदर जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। नई बिल्डिंग का फाउंडेशन ऊंचा होने से तीमारदार मरीजों को गोद में उठाकर या व्हीलचेयर पर ले जाते हैं। प्राचार्य के निर्देश पर इमरजेंसी व्यवस्था पहले नई बिल्डिंग में शिफ्ट होगी। वार्ड और डॉक्टर के कक्ष में अधूरे कार्यों को पूरा कराया जा रहा है। इससे एंबुलेंस सीधे इमरजेंसी के गेट तक पहुंच जाएगी और मरीज को इलाज के लिए लेकर जाने में दो से तीन मिनट लगेंगे। पुरानी बिल्डिंग में आठ से दस मिनट लगता है। प्राचार्य डॉ. सुभाष गुप्ता ने बताया कि मार्च के अंत तक इमरजेंसी को नई बिल्डिंग में शिफ्ट करा दिया जाएगा।