खड्डा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉक्टर के मौजूद नहीं रहने के कारण इमरजेंसी सेवा ठप है। लोगों को अपना इलाज कराने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। मंगलवार 11 बजे तक कोई डॉक्टर पीएचसी पर उपस्थित नहीं था।
यहां इलाज कराने आए लोग परेशान रहे। स्वास्थ्य सुविधा की दृष्टि से खड्डा इलाका काफी पिछड़ा है। यहां के एक मात्र सरकारी अस्पताल में ही लोग इलाज कराते हैं।
लेकिन डॉक्टर के मौजूद नहीं रहने से आपातकालीन सेवा की कौन बात करे रुटीन में इलाज भी संभव नहीं है। मंगलवार को दिन के 11 बजे तक यहां कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था।
कुछ मरीज सरकारी पर्ची लेकर दर्द से कराहते हुए डॉक्टर के आने का इंतजार कर रहे थे। कुछ लोग परिसर में मायूस होकर बैठे थे।
यहां इलाज कराने आए अवधेश, जगदीश, सलामुद्दीन, मराछी, निशा, जत्तन, गोबरी, लवंगी देवी और नजमा खातून आदि का कहना था कि सुबह से आकर डॉक्टर की राह देख रहे हैं।
इस संबंध में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉक्टर संतोष गुप्ता का कहना है कि खड्डा पीएचसी पर कोई डॉक्टर तैनात नहीं है। उन्हें ही सीएचसी तुर्कहां और पीएचसी खड्डा दोनों जगहों पर देखना पड़ रहा है।