पडरौना (कुशीनगर)। पडरौना शहर वासियों को विद्युत कटौती से जल्द राहत मिलने वाली है। विशुनपुरा में नए 132 केवीए उपकेंद्र का कार्य अंतिम चरण में है। इसको लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं राज्यसभा सांसद कुंवर आरपीएन सिंह ने शासन स्तर पर सार्थक पहल की है। उन्होंने दूरभाष पर बताया कि कुछ विभागीय कठिनाइयां थीं, जिसे दूर कर लिया गया है। विशुनपुरा उपकेंद्र से पडरौना शहर को 10 दिनों के भीतर आपूर्ति शुरू हो जाएगी।
पहले पडरौना में एक उपकेंद्रर था, जो कसया से 132 केवीए से जुड़ा था। पडरौना उपकेंद्र में 10 एमवीए तथा 8 एमबीए का एक-एक ट्रांसफार्मर लगा है। वर्तमान में इस उपकेंद्र से रविंद्रनगर एवं विशुनपुरा की सप्लाई चल रही है जबकि नए विशुनपुरा उपकेंद्र में 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर लग गया है तथा 5 एमवीए का एक और ट्रांसफार्मर प्रस्तावित है जो जल्द लग जाएगा और पडरौना शहर वासियों को लो वोल्टेज की समस्या एवं विद्युत आपूर्ति की समस्या से निजात मिल सकेगा। राज्यसभा सांसद कुंवर आरपीएन सिंह के हवाले से मीडिया प्रभारी शमशेर मल्ल ने बताया कि पडरौना नगर के जर्जर तारों को जल्द से जल्द बदलने का कार्य शुरू होगा।