मंसाछापर। विशुनपुरा ब्लॉक के जरार उपकेंद्र से जुड़े 20 से अधिक गांवों में सोमवार की शाम तक भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। रविवार की सुबह करीब 11 बजे 33 केवीए की मेन लाइन के चार पोल गिर गए थे, जिससे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। लगातार 18 घंटे से बिजली बंद रहने के कारण लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। गांवों में अंधेरा पसरा है, वहीं पेयजल आपूर्ति बाधित होने से जल संकट गहराता जा रहा है। जिन हैंडपंपों पर मोटर फिट हैं, वहां पानी नहीं निकल पा रहा। मोबाइल चार्ज न हो पाने से लोग संपर्कहीन हो गए हैं। बिजली न होने से ग्रामीणों की दैनिक दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित है। दूध, दवा और जरूरी सामानों की ठंडक खत्म हो गई है। कई परिवारों के बच्चे रात में पढ़ाई नहीं कर सके। इनवर्टर बैटरी बैठ गया है, जिसके कारण लोगों को काफी समस्या हुई। सोमवार की सुबह से बिजली निगम की टीम ने पोल को खड़ा करने और तारों को जोड़ने का कार्य शुरू कर दिया है। विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मरम्मत कार्य तेजी से चल रहा है और देर रात तक आपूर्ति बहाल होने की संभावना है। ग्रामीणों ने बिजली निगम से मांग की है कि भविष्य में इस तरह की समस्या से बचाव के लिए मजबूत पोल लगाए जाएं और पुरानी लाइन की नियमित देखरेख की जाए।